Total Count

सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 का परिणाम|Civil Services (Preliminary) Examination, 2026 Result

 

प्रविष्टि तिथि: 16 JUN 2026 9:32AM by PIB Delhi

दिनांक 24/05/2026 को आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 के परिणाम के आधार पर, निम्नलिखित अनुक्रमांक वाले उम्मीदवारों ने सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026 में प्रवेश हेतु अर्हता प्राप्त कर ली है।

इन उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अनंतिम है। परीक्षा की नियमावली के अनुसार अर्हता प्राप्त इन सभी उम्मीदवारों को निम्नलिखित विवरण प्रस्तुत करने/अद्यतन करने हेतु एक विंडो प्रदान की जाएगी:-

  •  सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026 में प्रवेश के लिए शुल्क से छूट प्राप्त उम्मीदवारों, जैसे महिला/पीडब्ल्यूबीडी/अ.जा./अ.ज.जा. उम्मीदवारों को छोड़कर शेष सभी उम्मीदवारों को 200 रुपए का शुल्क जमा करने हेतु।
  •  स्क्राइब विवरण, सहायक उपकरण तथा बड़े फ़ॉन्ट में प्रश्न पत्र (प्रधान परीक्षा के लिए) प्रस्तुत करने/ अद्यतन करने हेतु।
  •  सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026 के लिए संवर्ग वरीयता प्रस्तुत करने हेतु।

इन विवरणों को भरने और प्रस्तुत करने हेतु विंडो, आयोग की वेबसाइट पर दिनांक  19  से 28 जून, 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

यह भी नोट किया जाए कि दिनांक 04/02/2026 की सिविल सेवा परीक्षा नियमावली, 2026 में यह स्पष्ट रूप से उल्लिखित है कि सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा के लिए अर्हता प्राप्त सभी उम्मीदवारों को इस विंडो के दौरान पोर्टल (https://upsconline .nic.in) पर अनिवार्य रूप से लॉग-इन करना होगा और अपने विवरण आदि को अद्यतन और/या उसकी पुन: पुष्टि करनी होगी तथा आवेदन प्रपत्र जमा करना होगा ताकि आयोग ई-प्रवेश पत्र जारी कर सके। ऐसा न करने पर ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा के अगले चरणों में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिन उम्मीदवारों ने अपेक्षित दस्तावेज/जानकारी पहले ही अपलोड कर दी है और जिनके पास अद्यतन/भरने के लिए कोई जानकारी नहीं है, उन्हें भी लॉग-इन करना होगा और विवरणों को सत्यापित करने के बाद अंत में जमा करना होगा ताकि सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026 के लिए ई-प्रवेश पत्र जारी हो सके।

उम्मीदवारों को यह भी सूचित किया जाता है कि सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 के अंक, कटऑफ अंक और उत्तर कुंजी, सिविल सेवा परीक्षा, 2026 तथा भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2026 की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने पर अर्थात् अंतिम परिणाम की घोषणा के बाद ही आयोग की वेबसाइट अर्थात् https://upsc.gov.in पर अपलोड किए जाएंगे।

पिछले साल, सिविल सेवा परीक्षा, 2025 के लिए घोषित 1087 रिक्तियों के मुकाबले, सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2025 के लिए कुल 14,161 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इस साल, सिविल सेवा परीक्षा, 2026 के लिए घोषित 1016 रिक्तियों के मुकाबले, सिविल सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026 के लिए कुल 13,343 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।

उम्मीदवार, उपर्युक्त परीक्षा के संबंध में अपनी समस्या (समस्याओं) (यदि कोई हो) के बारे में कोई भी जानकारी/स्पष्टीकरण संघ लोक सेवा आयोग के कॉल सेंटर के टेलीफोन नं. 011-40303444/24041001 पर प्रातः 09.00 बजे से रात्रि 08.00 बजे के बीच प्राप्त कर सकते हैं।