Total Count

भारत 11-12 जून 2026 को नई दिल्ली में 13वें ब्रिक्स शहरीकरण मंच की मेजबानी करेगा|India to host the 13th BRICS Urbanization Forum in New Delhi on June 11-12, 2026

 


'जनता के लिए शहर: समावेशी और सुदृढ़ शहरी भविष्य के लिए ब्रिक्स सहयोग'

प्रविष्टि तिथि: 01 JUN 2026 5:42PM by PIB Delhi

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने आयोजन से पहले आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत 11-12 जून, 2026 को नई दिल्ली में 13वें ब्रिक्स शहरीकरण मंच की मेजबानी करेगा।

यह मंच 2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत एक महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय कार्यक्रम है, जो प्रधानमंत्री के 'मानवता सर्वोपरि' के दृष्टिकोण और अध्यक्षता विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थायित्व के लिए निर्माण' से निर्देशित है।

शहरीकरण मंच का आयोजन 'जनता के लिए शहर: समावेशी और सुदृढ़ शहरी भविष्य के लिए ब्रिक्स सहयोग' विषय के अंतर्गत किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि यह विषय भारत के उस दृष्टिकोण को दर्शाता है जो शहरों की योजना, शासन और विकास में जनता के हित को केंद्रीय महत्व देता है।

भारत की विरासत और निरंतर नेतृत्व

ब्रिक्स शहरीकरण मंच की मेजबानी पहली बार भारत ने 2013 में नई दिल्ली में की थी, जिससे शहरीकरण को औपचारिक रूप से ब्रिक्स सहयोग एजेंडा में शामिल किया गया। भारत ने 2016 में विशाखापत्तनम में इस मंच की पुनः मेजबानी की, जिसमें सतत शहरी विकास, स्मार्ट शहरों और शहरी सुदृढ़ता पर ध्यान केंद्रित किया गया। भारत ने 2021 में वैश्विक महामारी के बाद शहरी पुनर्विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए मंच की वर्चुअल रूप से मेजबानी की।

भारत 2026 में आयोजित होने वाले 13वें ब्रिक्स शहरीकरण मंच की मेजबानी चौथी बार कर रहा है। अपनी स्थापना के बाद से, यह मंच ब्रिक्स देशों के लिए शहरी नीति संबंधी अनुभवों का आदान-प्रदान करने, साझा प्राथमिकताओं की पहचान करने और व्यापक ब्रिक्स प्रक्रिया में शहरी संबंधी सुझाव देने के लिए एक समर्पित मंत्रिस्तरीय मंच के रूप में कार्य करता रहा है।

ब्रिक्स देशों में साझा शहरी प्राथमिकताएं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ब्रिक्स शहरीकरण मंच एक महत्वपूर्ण समय पर आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि कई ब्रिक्स राष्ट्र आवास, गतिशीलता, जलवायु जोखिम, नगरपालिका क्षमता, शहरी वित्त और सेवा वितरण की सामान्य चुनौतियों का सामना करते हुए तेजी से शहरी विकास का अनुभव कर रहे हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0012R9X.jpg

यह मंच समावेशी शहरी विकास, जलवायु और आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचा, मजबूत नगरपालिका संस्थान और बेहतर शहरी शासन के लिए डिजिटल नवाचार जैसे कुछ व्यापक प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करेगा।

निर्धारित कार्यक्रम और अपेक्षित परिणाम

दो दिनों तक चलने वाले 13वें ब्रिक्स शहरीकरण मंच में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता, शहरी विकास विशेषज्ञ और अन्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। सभी ग्यारह ब्रिक्स सदस्य देशों को मंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

मंच के पहले दिन उद्घाटन सत्र और ब्रिक्स की साझा शहरी प्राथमिकताओं पर एक उच्च स्तरीय पूर्ण सत्र आयोजित किया जाएगा। ब्रिक्स प्रतिनिधियों को देश के शहरी बदलाव से परिचित कराने के लिए नई दिल्ली के चुनिंदा स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।

दूसरे दिन मंच के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विषयगत पैनल चर्चाएं होंगी। सदस्य देश अपने-अपने देशों के अनुभव साझा करने के लिए पैनल चर्चाओं में भाग लेंगे। इसके अलावा, देशों के बीच द्विपक्षीय चर्चाएं भी होंगी।

इन विचार-विमर्शों से शहरीकरण की चुनौतियों पर साझा नीतिगत समाधानों को समर्थन मिलने और समावेशी, सुदृढ़ तथा जन-केंद्रित शहरों के निर्माण पर ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ब्रिक्स परिवार के सभी प्रतिनिधियों का नई दिल्ली में स्वागत करने और लोगों के लिए सही मायने में बने शहरों पर मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है।